Neeraj Chopra को इंडियन आर्मी का बड़ा सम्मान –
टोक्यो ओलंपिक 2020 में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने वाले भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा को भारतीय सेना की ओर से एक और बड़ा सम्मान प्राप्त हुआ है। उन्हें टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल (Honorary Lieutenant Colonel) की उपाधि दी गई है। यह नियुक्ति 16 अप्रैल 2025 से प्रभावी हो चुकी है और इसकी आधिकारिक सुचना भारत सरकार के साप्ताहिक सार्वजनिक पत्रिका और द गजट ऑफ इंडिया में दी गई है।
सैन्य मामलों के विभाग के संयुक्त सचिव मेजर जनरल जीएस चौधरी के अनुसार, “प्रादेशिक सेना विनियम, 1948 के पैरा 31 द्वारा प्रदत्त शक्तियों के तहत राष्ट्रपति को पूर्व सूबेदार मेजर नीरज चोपड़ा, पीवीएसएम, पद्म श्री, वीएसएम को मानद लेफ्टिनेंट कर्नल नियुक्त करने में खुशी हो रही है।”
नीरज चोपड़ा की प्रमुख उपलब्धियां (Achievements of Neeraj Chopra):-
| वर्ष | उपलब्धि |
|---|---|
| 2016 | जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में भाला फेंक का गोल्ड, वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ (86.48 मीटर) |
| 2018 | एशियन गेम्स गोल्ड (88.06 मीटर) |
| 2018 | कॉमनवेल्थ गेम्स गोल्ड (86.47 मीटर) |
| 2018 | अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित |
| 2021 | टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल (87.58 मीटर) – भारत के पहले ट्रैक एंड फील्ड गोल्ड मेडलिस्ट |
| 2022 | डायमंड लीग चैंपियन बने – भारत के पहले खिलाड़ी |
| 2023 | वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल (88.17 मीटर) – भारत का पहला |
| 2024 | पेरिस ओलंपिक में सिल्वर मेडल |
| 2024 | 88.67 मीटर के साथ डायमंड लीग में व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन |
| 2025 | टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल (Honorary) नियुक्त |
सेना में नीरज की खास यात्रा:-
नीरज को 2016 में भारतीय सेना के नायब सूबेदार के पद पर बतौर जूनियर कमीशंडअधिकारी शामिल किया गया, 2018 में उन्हें अर्जुन पुरस्कार मिला और 2021 में विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। 2022 में नीरज को परम विशिष्ट सेवा पदक (PVSM) मिला। इसके बाद 2023 में सूबेदार मेजर बने और अब 2025 में उन्हें टेरिटोरियल आर्मी में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल (Honorary Lieutenant Colonel Neeraj Chopra) की उपाधि दी गई है।
नीरज को यह रैंक मानद (Honorary) दी गई है। इसका मतलब है कि उन्हें नियमित सैलरी नहीं मिलेगी, क्योंकि वो एक्टिव ड्यूटी पर नहीं हैं। अगर भविष्य में वो किसी ट्रेनिंग या स्पेशल ड्यूटी पर जाते हैं तो उन्हें उस दौरान सेना सैलरी दी जाएगी।
नीरज से पहले इन खिलाड़ियों को मिल चुका है यह सम्मान:-
- महेंद्र सिंह धोनी – 2011 में लेफ्टिनेंट कर्नल (Honorary)
- कपिल देव – 2008 में लेफ्टिनेंट कर्नल (Honorary)
- अभिनव बिंद्रा – 2011 में लेफ्टिनेंट कर्नल (Honorary)
वर्तमान में नीरज –
नीरज चोपड़ा अभी अपनी आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारियों में व्यस्त हैं। वे 16 मई को दोहा में होने वाली डायमंड लीग में हिस्सा लेने जा रहे हैं। यह उनके इस सीजन का दूसरा टूर्नामेंट होगा। इससे पहले उन्होंने दक्षिण अफ्रीका में अपने अभियान की शुरुआत की थी।
इसके बाद नीरज 23 मई को पोलैंड के चोरजोव में आयोजित 71वें ओरलेन जानुस्ज कुसोसिन्सकी मेमोरियल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। यहां उन्हें ग्रेनाडा के दो बार के विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स, जर्मनी के जूलियन वेबर और पोलैंड के मार्सिन क्रुकोवस्की जैसे दिग्गज खिलाड़ियों से कड़ी टक्कर मिलने की उम्मीद है।
नीरज चोपड़ा न केवल एथलेटिक्स में भारत की शान हैं, बल्कि अब सैन्य सेवा में भी उन्हें सर्वोच्च सम्मान मिल रहा है। उनकी मेहनत, समर्पण और देशभक्ति भाव हर भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत हैं। आने वाले टूर्नामेंट्स में भी देश को उनसे बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद है।