✦ नेसेट में प्रधानमंत्री मोदी का ऐतिहासिक सम्मान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इजराइल की संसद नेसेट (Knesset) में ‘Speaker of the Knesset Medal’ से सम्मानित किया गया। यह इजराइली संसद का सर्वोच्च संसदीय सम्मान है। प्रधानमंत्री मोदी यह सम्मान प्राप्त करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। नेसेट के अध्यक्ष अमीर ओहाना ने 25 फरवरी 2026 को संसद में उनके संबोधन के बाद यह मैडल उन्हें प्रदान किया।
✦ प्रधानमंत्री मोदी को भारत-इजराइल रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए सम्मान
यह सम्मान प्रधानमंत्री मोदी को भारत और इजराइल के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में उनके विशेष योगदान और नेतृत्व के लिए दिया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस सम्मान के लिए नेसेट और इजराइल की जनता का आभार व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री मोदी इस सम्मान को प्राप्त करने वाले दुनिया के पहले वैश्विक नेता हैं। अहम बात ये है कि ‘Speaker of the Knesset Medal’ की शुरुआत 2026 में ही की गई है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इससे सबसे पहले सम्मानित किया गया है।
✦ Speaker of the Knesset Medal
यह मैडल Gold-Plated Bronze (सोने की परत चढ़ा हुआ कांसा) से बना है। इसके एक ओर इजराइल का राजकीय प्रतीक, नेसेट भवन और इजराइल का ध्वज अंकित है। मैडल पर हिब्रू और अंग्रेजी भाषा में भजन संहिता (Psalms) 8:6 की पंक्ति – “Hast crowned him with glory and honor” अंकित की गई है। पदक के किनारों को यरूशलेम की प्रसिद्ध पश्चिमी दीवार (Western Wall) के पत्थरों की नक्काशी से सजाया गया है और इसे पारंपरिक रूप से जैतून की लकड़ी (Olive Wood) से बने विशेष बॉक्स में प्रस्तुत किया जाता है।
✦ सभ्यताओं की साझा विरासत पर जोर
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और इजराइल दोनों प्राचीन सभ्यताओं वाले देश हैं और उनकी सोच में कई समानताएं देखने को मिलती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि इजराइल का विचार “टिक्कुन ओलम” (दुनिया को बेहतर बनाना) और भारत का सिद्धांत “वसुधैव कुटुंबकम” (पूरी दुनिया एक परिवार है) समान मूल्यों को दर्शाते हैं।
✦ प्रधानमंत्री मोदी इजराइल और फिलिस्तीन दोनों से सम्मान पाने वाले नेताओं में शामिल
प्रधानमंत्री मोदी दुनिया के उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हैं जिन्हें इजराइल और फिलिस्तीन दोनों के सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्राप्त हुए हैं। इससे पहले 2018 में उन्हें फिलिस्तीन का सर्वोच्च सम्मान ‘Grand Collar of the State of Palestine’ दिया गया था।
✦ प्रधानमंत्री मोदी को मिले 29 अंतरराष्ट्रीय सम्मान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने लगभग 11 वर्षों के कार्यकाल में कुल 29 अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं। यह सम्मान वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा और अंतरराष्ट्रीय सहयोग में उसकी मजबूत भूमिका को दर्शाते हैं।

