भारतीय वायुसेना को World Directory of Modern Military Aircraft (WDMMA) की Global Air Power Ranking 2026 दुनिया की सैन्य हवाई ताकतों में छठा स्थान मिला है।
इस रैंकिंग में चीन और जापान की वायुसेनाएँ भारतीय वायुसेना से पीछे है। भारतीय वायुसेना को इस रैंकिंग में 69.4 TruVal Rating (TvR) प्राप्त हुई है।
✦ अमेरिका की सैन्य विमानन शाखाओं का दबदबा
इस रैंकिंग में किसी देश की सभी सैन्य हवाई शाखाओं को अलग-अलग स्थान दिया गया है। इसलिए अमेरिका की वायुसेना, नौसेना हवाई शाखा, थलसेना हवाई शाखा और मरीन कॉर्प्स हवाई शाखा को अलग-अलग रैंक मिली है।
अमेरिकी वायुसेना 242.9 TvR स्कोर के साथ पहले स्थान पर रही। इसके बाद अमेरिकी नौसेना हवाई शाखा 142.4 स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर है।
रूसी वायुसेना 114.2 स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रही। अमेरिकी थलसेना हवाई शाखा चौथे और अमेरिकी मरीन कॉर्प्स हवाई शाखा पांचवें स्थान पर है।
✦ Top-10 वायुसेनाओं की रैंकिंग
Global Air Power Ranking 2026 में शीर्ष सैन्य हवाई सेवाएँ इस प्रकार है:
- अमेरिकी वायुसेना – 242.9 TvR
- अमेरिकी नौसेना हवाई शाखा– 142.4 TvR
- रूसी वायुसेना – 114.2 TvR
- अमेरिकी थलसेना हवाई शाखा– 112.6 TvR
- अमेरिकी मरीन कॉर्प्स हवाई शाखा– 85.3 TvR
- भारतीय वायुसेना – 69.4 TvR
- चीनी वायुसेना – 63.8 TvR
- जापानी वायुसेना – 58.1 TvR
- इजरायली वायुसेना – 56.3 TvR
- फ्रांसीसी वायुसेना – 55.3 TvR
✦ देश की मुख्य वायुसेनाओं में भारत तीसरे स्थान पर
सेवा-वार रैंकिंग में भारतीय वायुसेना छठे स्थान पर है। हालांकि इस सूची के शीर्ष पांच स्थानों में अमेरिका की चार अलग-अलग सैन्य हवाई शाखाएं शामिल हैं।
जब केवल देशों की मुख्य वायुसेनाओं की तुलना की जाए, तो अमेरिकी वायुसेना पहले, रूसी वायुसेना दूसरे और भारतीय वायुसेना तीसरे स्थान पर दिखाई देती है।
यही वजह है कि कई रिपोर्टों में भारतीय वायुसेना को दुनिया की तीसरी सबसे शक्तिशाली मुख्य वायुसेना भी बताया है।
✦ TruVal Rating क्या है?
WDMMA केवल विमानों की संख्या देखकर रैंकिंग तय नहीं करता। इसके लिए TruVal Rating यानी TvR प्रणाली का इस्तेमाल किया जाता है।
इस प्रणाली में कई महत्वपूर्ण बातों का आकलन किया जाता है, जैसे:
- विमानों की तकनीक और आधुनिकता
- लड़ाकू, परिवहन और प्रशिक्षण विमानों का संतुलन
- हमले और बचाव की क्षमता
- हेलीकॉप्टर और विशेष मिशन विमानों की उपलब्धता
- लॉजिस्टिक सपोर्ट
- पायलट प्रशिक्षण
- युद्ध के समय विमानों की परिचालन तैयारी
इसलिए किसी देश के पास अधिक विमान होने के बावजूद उसकी रैंकिंग नीचे हो सकती है।
✦ चीन से आगे क्यों रही भारतीय वायुसेना?
चीन के पास भारत की तुलना में बड़ा विमान बेड़ा है, लेकिन भारतीय वायुसेना को बेहतर बेड़ा संतुलन, प्रशिक्षण, युद्ध अनुभव और परिचालन क्षमता के कारण ऊंचा TvR स्कोर मिला है।
भारतीय वायुसेना के बेड़े में राफेल, सुखोई-30MKI, मिराज-2000, मिग-29 और स्वदेशी तेजस जैसे लड़ाकू विमान शामिल हैं।
इसके अलावा परिवहन विमान, हेलीकॉप्टर, निगरानी प्रणाली और विशेष मिशन प्लेटफॉर्म भी भारतीय वायुसेना की क्षमता को मजबूत बनाते हैं।
✦ स्वदेशीकरण से मिली नई ताकत
भारतीय वायुसेना तेजी से स्वदेशी रक्षा तकनीक की ओर बढ़ रही है। तेजस लड़ाकू विमान, सुखोई-30MKI का घरेलू रखरखाव, आधुनिक मिसाइल सिस्टम और नेटवर्क-केंद्रित युद्ध क्षमता ने वायुसेना को अधिक मजबूत बनाया है।

